ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के आश्वासन पर 25 अक्टूबर का धरना स्थगित,
ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के आश्वासन पर 25 अक्टूबर का धरना स्थगित, काम नहीं हुआ तो होगी महापंचायत: भारतीय किसान यूनियन मंच।

ग्रेटर नोएडा। भारतीय किसान यूनियन मंच लगातार ग्राम तिलपता करनवास से सूरजपुर तक लगने वाले भीषण जाम, जलभराव, जर्जर सड़कों और आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं की समस्याओं को लेकर आवाज उठाता रहा है। संगठन द्वारा कई बार ज्ञापन के माध्यम से जिला प्रशासन एवं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक समाधान नहीं हो पाया था। इसी के विरोध में संगठन ने 25 अक्टूबर को कंटेनर डिपो पर धरना-प्रदर्शन करने का आह्वान किया था।भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय महासचिव मास्टर मनमिंदर भाटी ने बताया कि शनिवार देर शाम ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, कंटेनर डिपो के अधिकारियों एवं पुलिस प्रशासन की मध्यस्थता में ग्रामीणों और संगठन के पदाधिकारियों के साथ कंटेनर डिपो परिसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक सकारात्मक रही, जिसमें क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के स्थायी समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।बैठक में ग्राम खोदना खुर्द, खोदना कला एवं श्यौराजपुर सहित आसपास के गांवों के लोगों को जाम से राहत दिलाने के लिए 130 मीटर रोड से जुड़े नाले की दोनों पटरियों पर सड़क निर्माण कर मिनी बाईपास तैयार करने तथा कंटेनर डिपो के वाहनों का रास्ता पीछे पाली की तरफ किए जाने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। अधिकारियों की ओर से आश्वासन दिया गया कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही कार्य शुरू कराने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।जिलाध्यक्ष अक्षय मुखिया ने बताया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के डीजीएम विजय रावल ने आश्वासन दिया है कि नाले के रास्ते के लिए एनओसी मिलते ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा। इसके साथ ही कंटेनर डिपो की सीएसआर निधि से ग्राम तिलपता में विकास कार्य कराने पर भी चर्चा हुई, ताकि ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल सके।राष्ट्रीय महासचिव मनमिंदर भाटी ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन मंच किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा। अधिकारियों के सकारात्मक आश्वासन और बैठक में हुई सहमति को देखते हुए 25 अक्टूबर को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन फिलहाल स्थगित किया जाता है।उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित आश्वासन के अनुसार धरातल पर काम शुरू नहीं होता और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, तो क्षेत्र के ग्रामीणों के साथ महापंचायत बुलाकर आगे के आंदोलन के संबंध में बड़ा निर्णय लिया जाएगा। संगठन केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समस्याओं का स्थायी समाधान चाहता है।इस अवसर पर विक्रांत भाटी, विकास प्रधान, दिनेश प्रधान , सोबी भाटी, ओमी भाटी, अशोक आर्य, सुधीर भाटी,सुनील भाटी, झबरा भाटी,अन्नू सरपंच, भूपेंद्र मुखिया, अजब सिंह भाटी, मोहसिन, दानिश, ललित गौतम सहित अन्य ग्रामीण एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

