नोएडा के गांवों का नाम रोशन कर रहे हैं ग्रामीण प्रतिभा के सितारे अभिमन्यु तोमर
नोएडा विलेज रेजिडेंट्स एसोसिएशन NOVRA ने दी बधाई एवं शुभकामनाएँ ।

नोएडा, । नोएडा के ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएँ लगातार अपनी मेहनत, लगन और उपलब्धियों से क्षेत्र का नाम रोशन कर रही हैं। इसी कड़ी में रोहिल्लापुर गांव निवासी अभिमन्यु तोमर ने 49वीं दिल्ली स्टेट बिलियर्ड्स एंड स्नूकर चैंपियनशिप 2026 में विजेता बनकर एक शानदार उपलब्धि हासिल की है।अभिमन्यु तोमर जेबीएम ग्लोबल स्कूल में कक्षा 9 के छात्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि रोहिल्लापुर गांव और पूरे नोएडा क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अभिमन्यु के पिता विपिन तोमर रोहिल्लापुर गांव के निवासी हैं और अभिमन्यु भी अपने परिवार के साथ गांव में ही रहते हैं।इस प्रतियोगिता में विजेता के रूप में अभिमन्यु तोमर को 10,000 रुपये की धनराशि चेक के माध्यम से भी प्रदान की गई। यह उपलब्धि उनकी मेहनत, प्रतिभा और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाती है।अभिमन्यु के परिवार से उनके ताऊ पवन तोमर ने यह जानकारी नोएडा विलेज रेजिडेंट्स एसोसिएशन NOVRA के साथ साझा की, जिसके बाद NOVRA की ओर से अभिमन्यु को इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई दी गई।NOVRA के अध्यक्ष डॉ. रंजन तोमर ने कहा कि नोएडा के गांवों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो बस उन्हें उचित अवसर, प्रोत्साहन और मंच प्रदान करने की। अभिमन्यु जैसे युवा अपनी उपलब्धियों से ग्रामीण क्षेत्र के अन्य बच्चों को भी खेलों में आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देते हैं।उन्होंने कहा कि NOVRA हमेशा नोएडा के 81 गांवों की प्रतिभाओं, युवाओं और उनकी उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीण प्रतिभाओं की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

